प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से IIT भिलाई के फेस-2 निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण IIT भिलाई के नालंदा व्याख्यान कक्ष में भी किया गया।
सरकार ने 29 मई 2025 को फेस-2 परियोजना के लिए कुल 2,257.55 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिसमें से 1,092 करोड़ रुपये परिसर निर्माण के लिए निर्धारित हैं। इस परियोजना के पूरा होने के बाद परिसर का क्षेत्रफल 1,51,343 वर्ग मीटर बढ़ जाएगा, और छात्राओं और छात्रों के लिए सीटें 1,500 से बढ़ाकर 3,000 कर दी जाएंगी।
फेस-2 में नए इंजीनियरिंग और विज्ञान विभाग, प्रयोगशालाएं, आईसीटी-सक्षम व्याख्यान कक्ष, उपकरण और प्रोटोटाइप सुविधाएं शामिल होंगी। इसके अलावा छात्रावास, इनडोर खेल परिसर, ओपन एयर थिएटर, कैंटीन, क्रिकेट, फुटबॉल और हॉकी मैदान, टेनिस कोर्ट और आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि यह देश और राज्य के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में IIT पटना, इंदौर, जोधपुर, तिरुपति, पलक्कड़, धारवाड़ और जम्मू समेत आठ IIT प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया।
IIT भिलाई के निदेशक प्रो. डॉ. राजीव प्रकाश ने बताया कि फेस-2 के अंतर्गत एक अनुसंधान पार्क भी स्थापित किया जाएगा, जिसकी लागत 96 करोड़ रुपये है। यह छत्तीसगढ़ का पहला अनुसंधान पार्क होगा और इसका उद्देश्य शोध और उद्योग को एक मंच पर लाना है।

