गैस के बाद पेट्रोल-डीजल भी होंगे महंगे? Deepak Baij का केंद्र पर निशाना

कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष Deepak Baij ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि कांग्रेस ने पहले ही आशंका जताई थी कि पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ेगी।

बैज ने दावा किया कि फिलहाल सिर्फ गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं, लेकिन आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी इजाफा हो सकता है, जिससे आम लोगों पर महंगाई का दबाव और बढ़ेगा।

1 मई से लागू नई दरों के अनुसार 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पहले इसकी कीमत 2175 रुपये थी, जो अब बढ़कर 3168 रुपये हो गई है। हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां कीमतों की समीक्षा करती हैं, जिसके आधार पर यह बदलाव किया गया है।

यह लगातार चौथा महीना है जब कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ है। हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों, चाय दुकानदारों और हलवाई जैसे छोटे व्यापारियों पर पड़ा है। उनका कहना है कि लागत बढ़ने से मुनाफा घटेगा और उन्हें खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ाने पड़ सकते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि का असर सिर्फ कारोबार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम जनता के दैनिक खर्चों पर भी पड़ेगा। खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

Scroll to Top