पाकुड़ में सात दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन, अयोध्या के सुभाष शास्त्री कर रहे वाचन

पाकुड़ शहर की रेलवे कॉलोनी में सात दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन चल रहा है, जो 25 मार्च तक चलेगा। अयोध्या धाम से आए कथा व्यास सुभाष शास्त्री जी महाराज राम कथा के विभिन्न प्रसंगों का सुंदर वाणी में वाचन कर रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा सुन रहे हैं।

सुभाष शास्त्री के साथ उनके सहयोगी आचार्य कृष्ण पांडे, अंकुर पांडे, राहुल मिश्रा, सुभाष जी और मंगल जी भी कथा वाचन में मदद कर रहे हैं। श्रद्धालु भव्य पंडाल में बैठकर कथा का श्रवण कर रहे हैं।

रविवार देर शाम नगर परिषद की अध्यक्ष साबरी पाल अपने समर्थकों के साथ कथा सुनने पहुंचीं। इस अवसर पर उन्हें कथा व्यास सुभाष शास्त्री ने अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। साबरी पाल ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन माहौल को भक्तिपूर्ण बनाते हैं और रामनवमी व नवरात्रि के समय लोगों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।

कथा स्थल पर भव्य पंडाल और आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। आयोजन समिति के सदस्य सुभाष शाह, गुलशन चौधरी, शुभम पासवान, जीतू सिंह, पिंकी देवी, अंजली देवी और पितु देवी ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में आसपास के क्षेत्रों और पश्चिम बंगाल से भी श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं। कथा के दौरान भक्तों में उत्साह देखा गया और महिला श्रद्धालुओं ने भक्तिपूर्ण नृत्य भी किया।

Scroll to Top