गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी में सोमवार रात करीब 12 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां पति राशिद (38) ने अपनी पत्नी शबनम (36) और उसके बॉयफ्रेंड फहीम (32) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी कमरे में दोनों की लाशें छोड़कर फरार हो गया।
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे में पत्नी की लाश फर्श पर पड़ी हुई मिली, जबकि थोड़ी दूरी पर फहीम खून से लथपथ पड़ा था। शुरुआती जांच में पता चला कि राशिद ने पहले फोन कर फहीम को घर बुलाया और फिर कमरे में छिपाकर रखी पिस्टल से हत्या की।

दो साल से चल रहा अफेयर
पड़ोसियों के अनुसार, शबनम और फहीम का अफेयर करीब दो साल से चल रहा था। राशिद को कुछ दिन पहले इसकी जानकारी मिली थी और इसके बाद वह दोनों से झगड़ा करने लगा।
घटना के समय बच्चे घर में नहीं थे
शबनम और राशिद के कुल 7 बच्चे हैं। हत्या के समय केवल एक बेटा घर में था, जबकि बाकी 6 बच्चे दूसरे मकान में थे।

पुलिस कार्रवाई
एडिशनल पुलिस कमिश्नर राज करन नैय्यर ने बताया कि डायल-112 पर पड़ोसी ने फायरिंग और झगड़े की सूचना दी। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और आरोपी पति की तलाश जारी है।

