पश्चिम बंगाल चुनाव में JLKM उतारेगी उम्मीदवार, जयराम महतो का CM हेमंत सोरेन और भाजपा पर हमला

झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष और डुमरी विधायक जयराम महतो मंगलवार को धनबाद की एमपी-एमएलए विशेष अदालत में पेश हुए। यह मामला बोकारो के सियालजोड़ी थाना में दर्ज उस केस से जुड़ा है, जो 27 नवंबर 2023 को वेदांता स्टील प्लांट के मजदूरों के आंदोलन के दौरान दर्ज हुआ था।

जयराम महतो ने कहा कि उनका उस प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं था और वे घटनास्थल पर मौजूद भी नहीं थे। उन्होंने बताया कि आंदोलन में लगे बैनर पर उनकी तस्वीर होने के कारण उन्हें गलत तरीके से आरोपी बनाया गया है। उनका कहना है कि सिर्फ तस्वीर के आधार पर किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है और उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है।

पश्चिम बंगाल चुनाव में उतारे जाएंगे उम्मीदवार

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने घोषणा की कि उनकी पार्टी आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 5 से 10 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।

असम चुनाव पर दिया हल्का-फुल्का जवाब

असम चुनाव लड़ने के सवाल पर जयराम महतो ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी पार्टी अभी जमीनी स्तर पर काम कर रही है और फिलहाल संसाधन सीमित हैं। उन्होंने कहा कि जब उनकी पार्टी हेलीकॉप्टर से चुनाव प्रचार करने की स्थिति में पहुंच जाएगी, तभी असम चुनाव लड़ने पर विचार किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान पर्याप्त संसाधन और हवाई प्रचार की सुविधा मिलती, तो पार्टी और बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी।

हेमंत सोरेन और भाजपा पर निशाना

जेएमएम द्वारा असम चुनाव लड़ने की घोषणा पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि विपक्ष में रहते हुए भी वह विधानसभा में प्रभावी भूमिका नहीं निभा पाई।

धर्म संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की धर्म से जुड़ी टिप्पणी पर जयराम महतो ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को किसी एक धर्म पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए। उन्होंने इस तरह के बयान को अनुचित बताते हुए संयम बरतने की सलाह दी।

Scroll to Top