बासंती चैत्र नवरात्र के अवसर पर भाटापारा नगर और आसपास का पूरा क्षेत्र भक्ति में डूबा हुआ है। सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालु माता की पूजा-अर्चना में लगे हुए हैं। नगर के प्राचीन मंदिरों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

शीतला माता मंदिर में दिनभर लगी रहती है भीड़
मातादेवालय वार्ड स्थित शीतला माता मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग जाती हैं। दिनभर पूजा, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।
मावली माता मंदिर सिंगारपुर बना आस्था का केंद्र
क्षेत्र के ऐतिहासिक मावली माता मंदिर में इस बार प्रदेशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यहां कुल 7,341 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए हैं, जिनमें 190 आजीवन ज्योति कलश और 7,151 सामान्य ज्योति कलश शामिल हैं।
500 वर्ष से अधिक पुराना मंदिर
करीब 500 वर्ष से भी अधिक प्राचीन इस मंदिर में देशभर से भक्त अपनी मनोकामनाओं के लिए ज्योति जलाते हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना माता मावली अवश्य पूरी करती हैं, इसी विश्वास के कारण हर वर्ष यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
दो किलोमीटर लंबी कतार में दर्शन
मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कई श्रद्धालु लगभग दो किलोमीटर लंबी लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्था की गई है।

