भाटापारा से लगभग 17 किलोमीटर दूर लिमतरा तिगड्डा चौक के पास रायपुर–बिलासपुर हाईवे पर चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्य के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। यह छत्तीसगढ़ का प्रमुख चार लेन का व्यस्त मार्ग है, जो सिमगा होते हुए लगभग 115 किलोमीटर की दूरी को जोड़ता है।
6 लेन सड़क निर्माण के चलते बढ़ी परेशानी
वर्ष 2025–26 में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए इस मार्ग को छह लेन में विकसित किया जा रहा है। सिमगा से बिलासपुर खंड में कार्य जारी है, जबकि पुराने मार्ग की मरम्मत भी चल रही है। नेशनल हाईवे 130 के तहत लिमतरा से करीब 6 किलोमीटर हिस्से में लंबे समय से काम जारी है, जिससे रोजाना हजारों यात्रियों को कठिनाई झेलनी पड़ रही है।
रोज लग रहा जाम, राहगीर परेशान
निर्माणाधीन सड़क पर भारी ट्रैफिक दबाव के कारण लंबे जाम की स्थिति बन रही है। विशेष रूप से भाटापारा की ओर से हाईवे पर चढ़ने वाले वाहनों को अधिक परेशानी हो रही है। मिलन होटल तिगड्डा के पास ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था नहीं होने से छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
सर्विस रोड का काम अब तक शुरू नहीं
भाटापारा–लिमतरा से हाईवे तक सर्विस रोड बनाने का प्रस्ताव छह महीने पहले स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सर्विस रोड बन जाए तो जाम और दुर्घटनाओं की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
टोल में राहत की मांग
पूर्व मंडी उपाध्यक्ष अनिल पांडेय ने कहा कि जब तक सड़क पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक टोल शुल्क में कमी की जानी चाहिए, क्योंकि लोगों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि रायपुर–बिलासपुर हाईवे के कुछ हिस्सों में मरम्मत कार्य चल रहा है। लोगों की परेशानी को देखते हुए संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से इस संबंध में चर्चा की जाएगी, ताकि काम में तेजी लाई जा सके।

