छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक पांच माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसके मौलाना पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि महिला को पहले गर्म प्रेस से जलाया गया, पेट पर लात मारी गई और फिर जबरदस्ती टॉयलेट क्लीनर पिलाया गया। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
बिना पोस्टमॉर्टम शव यूपी ले जाकर दफनाया
घटना के बाद आरोपी मौलाना ने शव का पोस्टमॉर्टम कराए बिना उसे उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित अपने पैतृक गांव ले जाकर दफना दिया। पड़ोसियों और मृतका के परिजनों ने मामले को लेकर बिलासपुर एसएसपी से शिकायत की है, जिसके बाद मिर्जापुर प्रशासन और पुलिस को शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम कराने के लिए पत्र लिखा गया है।
11 जुलाई को हुआ था विवाद, 12 को बिगड़ी तबीयत
यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा इलाके का है, जहां मौलाना कारी बशीर अहमद अपने तीन भाइयों के साथ रहता है और होटल संचालित करता है। बताया जा रहा है कि 11 जुलाई को उसकी पत्नी सलमा का किसी अन्य महिला को लेकर विवाद हुआ था। उसी रात कथित तौर पर कारी बशीर और उसके भाइयों ने मिलकर सलमा के साथ बर्बरता की।
गर्भवती पर अत्याचार, बेटी ने दी सूचना
12 जुलाई को बशीर ने कथित तौर पर सलमा को टॉयलेट क्लीनर (हार्पिक) पिला दिया। हालत बिगड़ने पर महिला बेहोश हो गई। उस समय उसकी 10 वर्षीय बेटी ने मोहल्लेवालों को सूचना दी। जब पड़ोसी पहुंचे, तो देखा कि फर्श पर हार्पिक फैला था और चादर खून से सनी हुई थी। इसके बाद बशीर को कॉल किया गया, जिसने महिला को यूनिटी अस्पताल में भर्ती कराया।
रात में हुई मौत, अस्पताल से मिलीभगत का आरोप
रात करीब 10:45 बजे सलमा की मौत हो गई। मोहल्लेवालों का आरोप है कि मर्ग रिपोर्ट से बचने के लिए मौलाना ने अस्पताल प्रबंधन से मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। फिर वह शव को चुपचाप एंबुलेंस से मिर्जापुर ले गया और बिना किसी को बताए 13 जुलाई को अंतिम संस्कार कर दिया।
परिजनों का आरोप – हत्या कर साक्ष्य मिटाया गया
मृतका के भाई रागीब खान ने बताया कि सलमा की शादी 14 साल पहले हुई थी और वह लगातार दहेज व खर्च को लेकर प्रताड़ित की जा रही थी। पति बशीर के खिलाफ हत्या और सबूत छिपाने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने बताया कि बशीर, उसके भाई अनस, फरीद, जेट नसीर, ससुर ईद्रीस और ननद सबीना भी सलमा को प्रताड़ित करते थे।
निष्पक्ष जांच और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग
परिजनों का कहना है कि उन्हें यह जानकारी दी गई थी कि सलमा ने टॉयलेट क्लीनर पी लिया था, लेकिन असलियत छिपाई जा रही थी। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है और FIR दर्ज कर आरोपियों को सजा दिलाने की अपील की है।
पोस्टमॉर्टम के लिए कब्र से शव निकालने की प्रक्रिया शुरू
सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि मोहल्लेवालों की शिकायत के बाद जांच पहले से चल रही थी। अब मिर्जापुर के एसडीएम और स्थानीय पुलिस को पत्र भेजकर कब्र से शव निकालने और पोस्टमॉर्टम कराने का अनुरोध किया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

