जगदलपुर के नवोदय विद्यालय में 7 छात्रों की बेरहमी से पिटाई: लाइट जाने पर हॉस्टल में मस्ती कर रहे थे, टीचर ने रॉड से पीटा, परिजन पहुंचे स्कूल

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां हॉस्टल में रह रहे 7 छात्रों की एक शिक्षक द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई। आरोप है कि सोमवार रात हॉस्टल में बिजली गुल हो जाने के बाद बच्चे मस्ती कर रहे थे, उसी दौरान वार्डन और जियोग्राफी टीचर सौरभ अवस्थी रूम में आए और लोहे की रॉड से बच्चों को पीटना शुरू कर दिया।

टीचर की पिटाई से बच्चे चिल्लाने लगे, कुछ को आई गंभीर चोटें

बच्चों के अनुसार, पिटाई इतनी जोरदार थी कि वे चीखने लगे। छात्र आशीष भारती ने बताया कि वह अपने बेड पर बैठा था, तभी सर आए और सिर, कनपटी सहित शरीर के कई हिस्सों पर जोर से मारा। जब एक और छात्र, नीलेश, पिटाई रोकने की कोशिश करने लगा तो उसे भी बुरी तरह पीटा गया।

सुबह हॉस्टल से परिजनों को मिली सूचना, मां रो पड़ी

घटना के बाद मंगलवार सुबह किसी ने छात्रों के परिजनों को इसकी जानकारी दी। बच्चे प्रिंस की मां को जब पता चला कि उसके बेटे को मारा गया है और उसकी कमर में चोट आई है, तो वह तुरंत स्कूल पहुंचीं और भावुक होकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि बच्चे मस्ती करते हैं, इसमें इतनी बुरी तरह मारना निंदनीय है।

प्रबंधन बना हुआ है मौन, जिम्मेदारों से संपर्क नहीं

घटना के बाद अब तक स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। पत्रकारों द्वारा जब जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इससे अभिभावकों और आम जनता के बीच नाराजगी बढ़ रही है।

Scroll to Top