छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक shocking मामला सामने आया है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। घटना एक साल पुरानी है, लेकिन शुक्रवार को पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया और डीएनए टेस्ट के बाद परिजनों को सौंपा गया।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, लवली सिंह और आकाश सिंह ने प्रेम विवाह किया था, जिससे युवती के परिवार वाले नाराज थे। युवती का पूर्व प्रेमी अभिनव सिंह उसके घर का खर्च उठाता था।

परिवार और अभिनव ने मिलकर लवली और आकाश को अपने घर बुलाया और विवाद के दौरान आकाश की हत्या कर दी। शव को महासमुंद के घोड़ारी तालाब में फेंक दिया गया।
शव की पहचान डीएनए से हुई
29 सितंबर 2024 को घोड़ारी तालाब में अज्ञात युवक का शव मिला था। पोस्टमॉर्टम में सिर पर चोट के निशान पाए गए थे। पहचान न होने के कारण शव को दफना दिया गया।
जांच में सिटी कोतवाली पुलिस को रायपुर के खम्हारडीह में 5 जनवरी 2025 को दर्ज एक गुमशुदगी रिपोर्ट का सुराग मिला। राज्य स्तरीय क्राइम डेटा एनालिसिस में शव का हुलिया गुमशुदा आकाश से मिलता-जुलता पाया गया। 24 सितंबर 2025 को रायपुर पुलिस के सहयोग से कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया।
डीएनए टेस्ट के बाद शव परिजनों को सौंपा गया और हत्या का रहस्य उजागर हुआ।

मामले की पृष्ठभूमि
पुलिस की जांच में सामने आया कि लवली और आकाश की लव मैरिज हुई थी, जबकि लवली पहले से ही अभिनव सिंह के साथ 5 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थी। आकाश और अभिनव दोस्त थे।
अगस्त 2024 में दोनों ने भागकर शादी कर ली थी, लेकिन लवली के परिवार और अभिनव इस विवाह के खिलाफ थे। 25 सितंबर 2024 को लवली के पिता ने दोनों को अभिनव के घर बुलाया, जहां विवाद के दौरान लवली के पिता, भाई और अभिनव ने आकाश की निर्मम हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को स्कूटी पर लादकर तालाब में फेंक दिया गया। लवली ने सोशल मीडिया पर आकाश की तस्वीरें पोस्ट कर किसी को शक न होने दिया।
गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई
महासमुंद पुलिस ने लवली सिंह, अभिनव सिंह, अभिलाख सिंह, गौरव और वीरू को रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों से गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ हत्या (धारा 103 ए), साक्ष्य छिपाने (धारा 238) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

