राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। शुक्रवार (26 सितंबर) को टिकरापारा क्षेत्र में पुलिस ने एक इंजीनियर और उसके साथी को हेरोइन बेचने की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। दोनों ग्राहक तलाश रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
टिकरापारा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों ने भिलाई निवासी शादाब नामक युवक से हेरोइन खरीदी थी, जिसे रायपुर में बेचने की योजना थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 9.22 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक गाड़ी जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
आरोपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जागृत साहू (श्रीनगर कॉलोनी, धमतरी) और सत्यम सिंह (श्रीजी वैशाली कॉलोनी, रायपुर) के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सीएसपी पुरानी बस्ती राजेश देवांगन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों के खिलाफ NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई है।

दो महीने में 40 से अधिक कार्रवाई
रायपुर पुलिस ने पिछले दो महीनों में विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नशीली सामग्री बेचने वाले 40 से ज्यादा लोगों को पकड़ा है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
अब तक पुलिस करोड़ों रुपये की ड्रग्स, मोबाइल और गाड़ियां जब्त कर चुकी है। अधिकारियों ने कहा है कि ड्रग्स सिंडिकेट को तोड़ने के लिए रायपुर से लेकर पंजाब, मुंबई और दिल्ली तक दबिश दी जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

