रायपुर जिले में पीएमश्री और शासकीय स्कूलों में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समीक्षा की। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित संयुक्त बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं।
बैठक के दौरान फिनिशिंग स्टेज पर पहुंचे निर्माण कार्यों, मरम्मत कार्यों और विशेष रूप से बालिका शौचालय निर्माण को 8 मार्च 2026 से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगरीय निकाय और जनपद पंचायत के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। टेंडर आधारित एवं बड़े निर्माण कार्यों को अप्रैल 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि भूमि विवाद, डिस्मेंटलिंग या अन्य कारणों से अटके कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले सभी अधूरे निर्माण और मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती ने समग्र शिक्षा, स्कूल शिक्षा और अन्य मदों के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, जिला मिशन समन्वयक अरुण कुमार शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



