तिरुपति जा रही टूरिस्ट बस हादसे का शिकार, एक युवक की मौत; तीन यात्री घायल

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तिरुपति दर्शन के लिए जा रही एक टूरिस्ट बस भानपुरी थाना क्षेत्र के तारागांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में राजनांदगांव निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक समेत तीन यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बस दुर्ग से तिरुपति के लिए रवाना हुई थी, जिसमें रायपुर और दुर्ग के करीब 30 से 40 दर्शनार्थी सवार थे। सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस तेज रफ्तार में पेड़ से टकरा गई।

हादसा इतना भीषण था कि 18 वर्षीय तारकेश्वर साहू की मौके पर ही जान चली गई। बताया जा रहा है कि वह बस में सहायक के रूप में यात्रा कर रहा था। टक्कर के बाद बस में फंसे यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जगदलपुर रेफर किया गया है। घायलों में एक महिला भी शामिल है।

पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित भानपुरी थाना लाया, जहां उनके ठहरने और आगे की व्यवस्था की गई है। मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top