बिरगांव: सर्वोदय होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, पार्षदों की सक्रियता से हुआ खुलासा

बिरगांव, 7 जून – बिरगांव के चर्चित सर्वोदय होटल में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार के गोरखधंधे का आज दोपहर करीब 1:30 बजे भंडाफोड़ किया गया। स्थानीय वार्ड क्रमांक 33 के पार्षद पुत्र राजू सिन्हा और वार्ड क्रमांक 24 के पार्षद डिकेन सिन्हा को पिछले कई दिनों से इस अवैध गतिविधि की जानकारी मिल रही थी।

सूचना की पुष्टि होने के बाद दोनों पार्षदों ने मौके पर छापा मारा। होटल में देह व्यापार का काम खुलेआम चलते देख इसकी सूचना तत्काल 112 नंबर और उरला थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर होटल संचालक गणेश समेत दो महिलाओं और एक पुरुष को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

उरला थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर ने बताया कि होटल में अवैध देह व्यापार चलने की पुष्टि होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया है। पूछताछ के बाद यह स्पष्ट किया जाएगा कि वहां रुके लोग किस आधार पर होटल में ठहरे थे और उनकी संलिप्तता क्या है। पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।

पार्षद डिकेन सिन्हा ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने पुलिस को अवैध शराब बिक्री की जानकारी दी थी, जिस पर कार्रवाई भी की गई थीऔर अब सर्वोदय  होटल में देह व्यापार सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सरवोदय होटल को तत्काल सील कर बंद किया जाए, क्योंकि यह क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों का अड्डा बनता जा रहा है।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Scroll to Top