अवैध वसूली में असफल होने पर युवक ने किया धारदार हथियार से वार, घायल की कमाई भी लूटी
रायपुर/बिरगांव: राजधानी के बिरगांव क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर कानून व्यवस्था तार-तार हो गई, जब खुलेआम एक फुटपाथ पर ठेले में फल बेचने वाले पर जानलेवा हमला किया गया। घटना बुधवारी बाजार के सामने दोपहर करीब 2 बजे हुई, जहां सुरेंद्र गुप्ता पर इलाके के कुख्यात असामाजिक तत्व राहुल भुंकार (उम्र 25) ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी राहुल ने सुरेंद्र से अवैध वसूली के तहत शराब के लिए पैसे मांगे। इंकार करने पर कहासुनी के दौरान राहुल ने सुरेंद्र पर अचानक हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें लगीं।

हमले के तुरंत बाद सुरेंद्र उरला थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस द्वारा कोई तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। इस लापरवाही के चलते आरोपी का मनोबल और बढ़ गया और वह शाम 5 बजे फिर घटनास्थल पर लौट आया। इस बार उसने सुरेंद्र से ₹3000 की कमाई भी लूट ली और दोबारा मारपीट की।
स्थानीय लोगों में उबाल
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पुलिस की निष्क्रियता से क्षेत्र में भय का माहौल है। व्यापारियों और आम नागरिकों का कहना है कि बिरगांव में असामाजिक तत्व बेखौफ हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
जनता की मांग
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर उस पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आने वाले समय में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

