मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले में आवागमन को आसान बनाने के लिए छह प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्यों को 18 करोड़ 46 लाख 87 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से जिले के नागरिकों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी के साथ-साथ यातायात की भी बेहतर सुविधा मिलेगी। इन परियोजनाओं की मंजूरी से क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में सुधार आएगा।

इन सड़कों को मिली स्वीकृति
राज्य शासन द्वारा वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल जशपुर जिले की विभिन्न सड़कों के निर्माण हेतु निम्नलिखित परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है:
- ग्राम चटकपुर से रेंगारबहार तक 2.46 किमी सड़क के लिए 2 करोड़ 89 लाख 86 हजार रुपये
- कुनकुरी-औरीजोर-मतलूटोली-पटेलापारा मार्ग (2.54 किमी) के लिए 3 करोड़ 1 लाख 95 हजार रुपये
- एनएच-43 से मयाली डेम तक (2.28 किमी) के लिए 2 करोड़ 85 लाख 1 हजार रुपये
- मयाली नेचर कैम्प से मधेश्वर मंदिर तक (2.20 किमी) के लिए 2 करोड़ 71 लाख 89 हजार रुपये
- रानीबंध चौक से चिडराटांगर होते हुए पंडरीआमा-उपरकछार मार्ग (3.44 किमी) के लिए 3 करोड़ 29 लाख 58 हजार रुपये
- जोकारी से मधेश्वर पहाड़ तक (2.88 किमी) के लिए 3 करोड़ 68 लाख 58 हजार रुपये
दो और सड़कों को 7 करोड़ से अधिक की स्वीकृति
इसके अतिरिक्त, जिले की दो अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए भी राज्य शासन से 7 करोड़ 65 लाख 41 हजार रुपये की मंजूरी प्राप्त हुई है।
- कांसाबेल विकासखंड में सूजीबहार मैन रोड से सिकरिया तक 2.00 किमी लंबी सड़क और पुल-पुलिया निर्माण के लिए 2 करोड़ 70 लाख 70 हजार रुपये
- स्टेट हाईवे से कछुआकानी मार्ग (3.80 किमी) के निर्माण हेतु 4 करोड़ 94 लाख 71 हजार रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है
जनता में खुशी की लहर
इन विकास कार्यों से जिले में आवागमन की सुविधा अत्यधिक सुगम हो जाएगी। मुख्यमंत्री के प्रयासों से मिली इन स्वीकृतियों से जशपुर के नागरिकों में प्रसन्नता की लहर है, और विकास की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



