राजधानी में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस अब सख्त रुख अपना रही है। पारंपरिक चेकिंग के बजाय अब डिजिटल सिस्टम के जरिए ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनके पते पर सीधे चालान भेजा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, हर दिन करीब 5 हजार ई-चालान जारी हो रहे हैं।

हालांकि, बड़ी संख्या में लोग चालान का भुगतान नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते ट्रैफिक पुलिस अब वसूली के लिए सीधे वाहन मालिकों के घर पहुंच रही है। जिन चालकों पर बार-बार चालान जारी हुए हैं, उन्हें पहले नोटिस देकर भुगतान के लिए कहा जा रहा है। इसके बावजूद अगर जुर्माना जमा नहीं किया जाता, तो पुलिस मौके पर ही वाहन जब्त कर रही है। अब तक कई गाड़ियां जब्त की जा चुकी हैं।
आंकड़ों के अनुसार शहर में लगभग 1.64 लाख ई-चालान अभी भी पेंडिंग हैं। इनमें से 737 वाहन चालकों पर 44,175 बार रिपीटेड चालान दर्ज किए गए हैं। एक मामले में तो एक बाइक, जिसकी कीमत करीब 95 हजार रुपए है, उस पर 1.77 लाख रुपए का जुर्माना बकाया है।
ट्रैफिक पुलिस की टीम क्रेन के साथ घर-घर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। जिन मामलों में प्रकरण कोर्ट में लंबित हैं, उन्हें लोक अदालत के माध्यम से निपटाने की सलाह दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



