रायपुर में पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा: ऋण व सब्सिडी में देरी पर सख्ती, साप्ताहिक रिपोर्ट अनिवार्य

रायपुर कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत मामलों, सब्सिडी वितरण और स्थापित सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए। बैंकवार लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में भारतीय स्टेट बैंक की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई और बैंक को योजना के प्रति गंभीरता दिखाने तथा आवेदकों को समुचित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

गांव-वार्ड स्तर पर लगाए जाएंगे शिविर

डॉ. सिंह ने अधिकाधिक लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि गांव और वार्ड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि आवेदन, तकनीकी स्वीकृति, ऋण स्वीकृति और सब्सिडी की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी हो सके। किसी भी स्तर पर फाइलों को लंबित नहीं रखा जाए।

समीक्षा के दौरान यह भी तय किया गया कि सभी बैंक और संबंधित विभाग हर सप्ताह अपनी प्रगति रिपोर्ट जिला कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे, ताकि योजना की निरंतर मॉनिटरिंग हो और पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल सके।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एलडीएम मोहम्मद मोफिज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिले के बैंक प्रतिनिधि और बिजली विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Scroll to Top