दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मातर कार्यक्रम के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना रानी तराई थाना क्षेत्र के ग्राम खर्रा की है, जहाँ 23 अक्टूबर की रात सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते-देखते हिंसक हो गया।
कार्यक्रम देखने पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक, मृतक खूबी राम साहू (24 वर्ष) ग्राम रंग कतेरा का निवासी था। वह मातर उत्सव देखने खर्रा गांव गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों से कहासुनी हुई और उन्होंने मिलकर खूबी राम पर चाकू से हमला कर दिया। घटना रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।
हमले के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आयोजकों ने तुरंत कार्यक्रम बंद कर दिया।

अस्पताल में तोड़ा दम
घायल युवक को पहले पाटन अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसे दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी की मांग
परिजनों का कहना है कि मृतक के पेट में चाकू के गहरे निशान हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी कराने की अपील की है।
संभावित प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
गांव में चर्चा है कि हत्या का कारण प्रेम प्रसंग हो सकता है। हालांकि मृतक के परिजनों ने इस संभावना से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।



