सब्जी मंडी में नशीली दवाएं बेचते युवक गिरफ्तार, 72 कैप्सूल जब्त

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मोहन नगर थाना क्षेत्र के धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी में की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक संदिग्ध परिस्थिति में घूम रहा है और उसके पास प्रतिबंधित नशीली दवाएं हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान युवक के कपड़ों से 72 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी की पहचान दीपक ठाकुर (28) के रूप में हुई है, जो सिकोला भाठा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अधिक मुनाफा कमाने के लिए इन दवाओं की अवैध रूप से बिक्री करता था। पुलिस ने उसके पास से बरामद कैप्सूल की कीमत करीब 28,800 रुपए बताई है। इसके अलावा 960 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं।

इस तरह कुल 29,760 रुपए का सामान जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Scroll to Top