छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आठ सवाल उठाए हैं और पूछा कि क्या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसका जवाब देंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर को भाजपा का “तीसरा मर्द” बताया और कहा कि भाजपा सरकार में 14 सिर वाला रावण बैठा है।
बैज ने भाजपा विधायक रेणुका सिंह के “सरकार में रावण” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब जनता को स्पष्ट करना चाहिए कि असल में सरकार में रावण कौन है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट जारी है, और जनता की हालत चिंताजनक है। बैज ने यह भी कहा कि वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है और उनके धरने को दबाने के लिए उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल और विजय बघेल के बाद ननकीराम कंवर भाजपा के तीसरे मर्द नेता माने जाते हैं, और कांग्रेस उनकी आवाज का समर्थन करती है।
साथ ही बैज ने भाजपा नेता पुरंदर मिश्रा के दशहरा उत्सव को लेकर दिए बयान पर भी हमला बोला। मिश्रा ने अपने बयान में “रावण के बदले राम का वध” की बात कही थी, जिस पर बैज ने सवाल उठाया कि क्या यह राम विरोधी बयान नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की रामभक्ति अब कालनेमी जैसी बन चुकी है।



