बिलासपुर में कांग्रेस ने पेट्रोल और कमर्शियल गैस की बढ़ती कीमतों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ मोर्चा खोला है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता के बजाय निजी कंपनियों को फायदा मिल रहा है।
गंगोत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि अमेरिका पर निर्भरता कम करें और ईरान व रूस से पेट्रोल और गैस आयात कर जनता को राहत दी जाए। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा टैक्स कम करने का लाभ आम जनता को नहीं मिल रहा, बल्कि जामनगर की रिफाइनरी जैसी निजी कंपनियों को फायदा पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और गैस की कीमतें बढ़ने से आम नागरिकों के खर्च बढ़ गए हैं और होटल व कमर्शियल क्षेत्रों में भी महंगाई ने दाम बढ़ा दिए हैं। छात्र, मजदूर और आम लोग इस स्थिति से परेशान हैं। गंगोत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद में लगातार पेट्रोलियम उत्पादों की मूल्यवृद्धि और महंगाई के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं और पार्टी हर स्तर पर जनता को हो रही परेशानी के खिलाफ विरोध जारी रखेगी।

