अंबिकापुर में महिला के साथ दरिंदगी: दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या, शरीर पर गंभीर चोटों के निशान

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक बेहद भयावह और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी ने महिला को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी 12 पसलियां टूट गईं और दिल व फेफड़े तक क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा सिर की तीन हड्डियां भी टूट गईं और गला दबाने के भी संकेत मिले हैं।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, महिला के सीने पर भारी दबाव डाला गया था, जिससे अंदरूनी अंग फट गए। शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है, जबकि अंतिम पुष्टि के लिए विसरा जांच जारी है।

यह वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र में महामाया प्रवेश द्वार के पास रिंग रोड किनारे स्थित एक झोपड़ीनुमा मटन दुकान के पास हुई, जहां शुक्रवार सुबह महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि महिला के साथ घटना से पहले वह एक व्यक्ति के साथ देखी गई थी। CCTV फुटेज में दोनों रात करीब 1 बजे घटनास्थल की ओर जाते नजर आए। आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है।

महिला की उम्र लगभग 45 वर्ष थी और करीब 10 साल पहले उसके पति की मृत्यु हो चुकी थी। वह अंबिकापुर के गंगापुर इलाके में किराए के मकान में रहती थी। उसका एक बेटा भी है, जो उससे अलग रहता था। बताया जा रहा है कि महिला और आरोपी के बीच संबंध थे और दोनों नशे के आदी थे।

घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पुष्टि की है कि हत्या से पहले महिला के साथ अत्याचार किया गया। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए महिला के चेहरे को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था।

इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर आक्रोश देखने को मिल रहा है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने इसे बेहद शर्मनाक घटना बताते हुए आरोपी को कड़ी सजा देने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग की है।

वहीं, महिला कांग्रेस ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। 11 मीटर लंबी सफेद साड़ी पर लोगों से हस्ताक्षर करवाकर इसे राष्ट्रपति को भेजने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top