रायपुर। सोशल मीडिया पर इन दिनों 1980 के दशक की यादों को तस्वीरों के जरिए फिर से जीवंत करने वाला AI ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इस ट्रेंड में लोग अपनी मौजूदा तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से पुराने दौर के फैशन, हेयरस्टाइल और कैमरा इफेक्ट के साथ तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।

अब इस वायरल ट्रेंड की झलक छत्तीसगढ़ की सियासत में भी देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने अपनी तस्वीरों को 80 के दशक के रेट्रो अंदाज में बदलकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इनमें डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा के साथ ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, खुशवंत साहेब और कैबिनेट के अन्य मंत्री भी अलग-अलग रेट्रो लुक में नजर आ रहे हैं।

AI से तैयार इन तस्वीरों में नेताओं के मौजूदा चेहरों को बरकरार रखते हुए उनके कपड़ों, बालों की स्टाइल, फोटो के रंग और बैकग्राउंड को पुराने दौर जैसा रूप दिया गया है। कई तस्वीरों में विंटेज कैमरा इफेक्ट और फिल्म ग्रेन का इस्तेमाल किया गया है, जिससे तस्वीरें 1980 के दशक में खींची गई फोटो जैसी दिखाई देती हैं।

AI के जरिए कैसे तैयार हो रहा है 80s Retro Look?
1980s Retro AI ट्रेंड में सामान्य फोटो को AI इमेज टूल के जरिए पुराने जमाने की तस्वीर में बदला जाता है। इसके लिए यूजर अपनी फोटो अपलोड करने के बाद रेट्रो फैशन, पुराने कैमरा इफेक्ट, विंटेज कलर टोन और उस दौर के बैकग्राउंड जैसी जानकारी देकर तस्वीर तैयार कर सकता है।

रेट्रो फोटो में डेनिम जैकेट, रंगीन शर्ट, पुराने जमाने की हेयरस्टाइल, स्टेटमेंट एक्सेसरीज, गर्म रोशनी और फिल्म ग्रेन जैसे इफेक्ट जोड़े जा सकते हैं। यही वजह है कि सामान्य तस्वीर भी देखने में कई दशक पुरानी फोटो जैसी लगने लगती है।
नेताओं के बाद आम यूजर्स में भी बढ़ा क्रेज

80s Retro AI Trend का असर सिर्फ राजनीतिक हस्तियों तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पर आम लोग, कलाकार और अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े चर्चित चेहरे भी अपनी तस्वीरों को रेट्रो अंदाज में तैयार कर रहे हैं।
लोग अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक, कॉलेज और पुराने फिल्मी अंदाज वाली तस्वीरों को AI की मदद से नया रूप दे रहे हैं। पुराने दौर का फैशन और विंटेज फोटोग्राफी इफेक्ट इस ट्रेंड को सोशल मीडिया यूजर्स के बीच खासा आकर्षक बना रहा है।

पहले भी कई AI और फोटो ट्रेंड हुए वायरल
सोशल मीडिया पर इससे पहले भी कई फोटो ट्रेंड लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं। 2025 में AI की मदद से तस्वीरों को स्टूडियो घिबली जैसी एनीमेशन शैली में बदलने का ट्रेंड तेजी से वायरल हुआ था। वहीं जनवरी 2019 में शुरू हुआ 10 Years Challenge भी लंबे समय तक सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा था, जिसमें लोग अपनी दस साल पुरानी और वर्तमान तस्वीरों को एक साथ साझा करते थे।
2026 में भी पुराने दौर और पुरानी यादों से जुड़े फोटो ट्रेंड सोशल मीडिया पर लगातार यूजर्स का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। 80s Retro AI Trend इसी सिलसिले की नई कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।



