मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले 5 दिनों तक भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि आने वाले दो दिनों तक कुछ जगहों पर वॉर्म नाइट यानी रात में भी ज्यादा तापमान बना रहेगा, जिससे लोगों को राहत नहीं मिलेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार से लेकर मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ से गुजर रही है। इसके प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, इससे तापमान में खास गिरावट के संकेत नहीं हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वर्तमान में राज्य में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 43.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
आने वाले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है और इस दौरान भी कुछ स्थानों पर लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर तेज रहेगा। यहां अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

