राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां फर्जी RTO चालान के बहाने एक युवक से 7.42 लाख रुपए ठग लिए गए। ठगों ने APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक किया और खाते से पूरी रकम ट्रांसफर कर ली। घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित रोहित पाल, जो आरडीए कॉलोनी का निवासी है, को 10 से 16 अप्रैल के बीच एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को RTO अधिकारी बताया और लंबित चालान का हवाला देकर भुगतान करने के लिए कहा।
इसके बाद ठगों ने रोहित के मोबाइल पर एक APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा। जैसे ही उसने फाइल इंस्टॉल की, साइबर अपराधियों ने उसके फोन का कंट्रोल हासिल कर लिया। इसके कुछ ही समय बाद उसके बैंक खाते से कुल 7,42,209 रुपए निकाल लिए गए।

शुरुआत में पीड़ित को इस ठगी की जानकारी नहीं हो पाई, लेकिन अगले दिन बैंक से ट्रांजैक्शन मैसेज आने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले में पवित्र पाल की शिकायत पर IT एक्ट की धारा 66D के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

