छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। 14 मार्च 2026 को आयोजित यह परीक्षा अब अमान्य मानी जाएगी और छात्रों को 10 अप्रैल 2026 को दोबारा परीक्षा देनी होगी।

बोर्ड के अनुसार सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में हिंदी प्रश्नपत्र के सेट ‘बी’ के लीक होने की जानकारी सामने आई थी। मामले को गंभीर मानते हुए इसकी जांच के लिए साइबर थाने को सूचना दी गई और सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई। जांच रिपोर्ट पर विचार करने के बाद 23 मार्च 2026 को हुई परीक्षा समिति की बैठक में परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।

10 अप्रैल को फिर होगी परीक्षा
बोर्ड ने नई तारीख के साथ परीक्षा का समय भी तय कर दिया है। हिंदी विषय की परीक्षा 10 अप्रैल को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। विद्यार्थियों को 9 बजे तक केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। 9:05 बजे उत्तर पुस्तिका, 9:10 बजे प्रश्नपत्र और 9:15 बजे से लिखने की अनुमति दी जाएगी।
बोर्ड ने छात्रों को नई समय-सारणी ध्यान से देखने और उसी अनुसार तैयारी करने की सलाह दी है। यह भी कहा गया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तारीख या समय में बिना पूर्व सूचना बदलाव किया जा सकता है। यदि परीक्षा के दिन कोई अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षा निर्धारित समय पर ही होगी।

टेलीग्राम पर पहले ही पहुंच गया था पेपर
जानकारी के मुताबिक 13 मार्च की रात करीब 11 बजे एक टेलीग्राम ग्रुप में “12th Board Hindi Paper — CG Board 2026 Real Question Paper” के नाम से एक तस्वीर साझा की गई थी। इस तस्वीर में हाथ से लिखे हुए 15 प्रश्न थे और पहले पेज पर सेट ‘B’ अंकित था। कुछ ही समय में यह इमेज हजारों छात्रों तक पहुंच गई।
14 मार्च को जब परीक्षा शुरू हुई तो सेट ‘B’ में वही प्रश्न और उसी क्रम में पूछे गए, जो वायरल तस्वीर में थे। यहां तक कि वैकल्पिक प्रश्न भी मेल खाते पाए गए। इससे स्पष्ट हुआ कि परीक्षा शुरू होने से लगभग 10 घंटे पहले ही पेपर लीक हो चुका था।
कई विषयों के पेपर शेयर होने की आशंका
जांच में यह भी सामने आया कि सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि अंग्रेजी और अन्य विषयों के प्रश्नपत्र भी इसी तरह अलग-अलग ग्रुपों में साझा किए गए थे। यह मामला किसी एक जिले तक सीमित नहीं बताया जा रहा है।
साइबर पुलिस कर रही जांच
पेपर लीक की शिकायत परीक्षा के दो दिन बाद पुलिस और साइबर थाने में दर्ज कराई गई। फिलहाल साइबर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

