रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत उरला थाना पुलिस ने CEIR पोर्टल की सहायता से गुम हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल विधिवत सुपुर्दनामा की प्रक्रिया पूरी कर संबंधित स्वामियों को लौटाए गए।

पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल मेघा वर्मा निवासी भवानी नगर, कोटा और सूरज सिंह निवासी हीरापुर को सौंपे गए। अपने मोबाइल वापस मिलने पर दोनों ने उरला पुलिस और CEIR पोर्टल की कार्यप्रणाली की सराहना की।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो घबराने की बजाय तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर रिपोर्ट दर्ज कराने से मोबाइल को ब्लॉक करना, उसकी लोकेशन ट्रैक करना और बरामद होने पर वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

उरला थाना पुलिस ने भी नागरिकों से अधिक से अधिक CEIR पोर्टल का उपयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यह पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल को सुरक्षित रखने और उसकी ट्रैकिंग के लिए प्रभावी माध्यम है। समय रहते शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल की रिकवरी की संभावना बेहतर हो जाती है।



