Jagdalpur और Bijapur जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा नुकसान हुआ है। अलग-अलग घटनाओं में कुल 21 मवेशियों की मौत हो गई, जिससे ग्रामीण पशुपालकों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
जगदलपुर शहर से लगे चिलकुटी गांव के सुरंगियापारा में शनिवार रात बारिश के दौरान 11 मवेशी पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान अचानक बिजली गिरने से सभी मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालकों में नुकसान को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इसी तरह बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के पोन्दुम गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई, जहां 10 मवेशियों की मौत हो गई। यह घटना शनिवार शाम करीब साढ़े 7 बजे की बताई जा रही है। उस समय मवेशी खुले मैदान में थे और मौसम खराब होने के बाद बिजली गिर गई।
ग्रामीणों के अनुसार, पशुपालन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है, ऐसे में मवेशियों की मौत से कई परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।



