केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर के माना स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में डायल-112 सेवा के तहत 400 नए हाईटेक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई व्यवस्था के जरिए अब अपराध, मेडिकल इमरजेंसी और आगजनी जैसी घटनाओं के लिए लोगों को केवल एक ही नंबर पर सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के बाद अमित शाह बस्तर के जगदलपुर रवाना हो गए। वहां पहुंचकर वे सबसे पहले अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे वीर शहीद गुंडाधुर के गांव नेतानार जाकर जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे।

डायल-112 सेवा को ‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम के साथ शुरू किया गया है। इस सिस्टम में पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। सेवा के लिए शामिल किए गए वाहनों में GPS, डैश कैमरा, PTZ कैमरा, वायरलेस रेडियो और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इससे घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग और तेजी से रिस्पॉन्स संभव हो सकेगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अब तक यह सेवा केवल 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जाएगा। राज्य के सभी थानों को डायल-112 नेटवर्क से जोड़ा जाएगा ताकि आपात स्थिति में लोगों को तेजी से सहायता मिल सके।
राज्य सरकार अपराध जांच व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी 33 जिलों में आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स भी शुरू करने जा रही है। इन वाहनों में वैज्ञानिक जांच से जुड़े अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही शुरुआती जांच की जा सकेगी।
नेतानार में कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर लौटेंगे और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों, सुरक्षा अभियानों और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा करेंगे। बादल अकादमी में आयोजित बैठकों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
शाम को वे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और ‘बस्तर के संग’ नामक लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में बस्तर की पारंपरिक कला और संस्कृति की प्रस्तुति दी जाएगी।
19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसमें अंतरराज्यीय समन्वय, क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल प्रभावित इलाकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में सुरक्षा कैंपों को अब जन सुविधा केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा और इसकी शुरुआत नेतानार से हो रही है।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस दौरे और बैठक को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध है, तब इतनी बड़ी बैठक वर्चुअल तरीके से भी आयोजित की जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस आयोजन में अनावश्यक रूप से करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
बैठक के बाद अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें सुरक्षा, विकास और परिषद की बैठक से जुड़े अहम फैसलों की जानकारी साझा किए जाने की संभावना है। इसके बाद वे विशेष विमान से दिल्ली रवाना होंगे।

