नवा रायपुर में ब्रह्मकुमारी संस्थान का ‘शांति शिखर’ तैयार: दान से बना राजस्थानी महल जैसा मेडिटेशन सेंटर, PM मोदी करेंगे लोकार्पण

नवा रायपुर के सेक्टर-20 में ब्रह्मकुमारी संस्थान का भव्य ‘शांति शिखर – एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड’ बनकर तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को इस अनोखे मेडिटेशन सेंटर का उद्घाटन करेंगे।

करीब 1.5 एकड़ क्षेत्र में फैला यह पांच मंजिला भवन राजस्थानी महल की शैली में तैयार किया गया है। इसकी पूरी लागत दान से जुटाई गई है। भवन निर्माण में जोधपुर के पिंक स्टोन का उपयोग हुआ है, जिसके लिए 150 से अधिक ट्रकों में पत्थर मंगवाए गए थे।

इस इमारत में ऑडिटोरियम, मेडिटेशन हॉल, सेमिनार हॉल, लाइब्रेरी, डाइनिंग एरिया और अतिथियों के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसकी ऊंचाई 105 फीट, चौड़ाई 150 फीट और लंबाई 225 फीट है।

यह छत्तीसगढ़ की पहली इमारत है जिसमें प्रेस टेंसाइल बीम (PT-BM) तकनीक का उपयोग हुआ है — जो आमतौर पर बड़े पुलों के निर्माण में अपनाई जाती है। भवन में भविष्य में दो मंजिलें और जोड़ी जा सकती हैं।

भवन का डिजाइन कर्नाटक के आर्किटेक्ट शरण पाटिल और जबलपुर के सौरभ सोनी ने तैयार किया है। जबकि कला कार्य राजस्थान के हरकिशन प्रजापति और स्टील स्ट्रक्चर डिज़ाइन मुंबई के प्रशांत ने किया है।

रायपुर संचालिका ब्रह्मकुमारी सविता दीदी ने बताया कि इस भवन के निर्माण में प्रदेशभर के 50 सेवा केंद्रों और 500 उप सेवा केंद्रों के सदस्यों ने सहयोग दिया। हर सदस्य ने 2018 से रोज़ाना कम से कम एक रुपए का दान दिया।

1 नवंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह में राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, राजयोगिनी जयंती, राजयोगी मृत्युंजय समेत देशभर से ब्रह्मकुमारी संस्था से जुड़े सदस्य शामिल होंगे।

Scroll to Top