राजधानी रायपुर में हॉलीडे पैकेज के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसने ट्रैवल एजेंसियों पर भरोसा करने वाले लोगों को सतर्क कर दिया है। इस मामले में एक टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी के संचालक पर करीब 2.94 लाख रुपए की ठगी करने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरस्वती नगर निवासी महेश सिंह राजपूत ने मैग्नेटो मॉल में संचालित ‘प्लू वेरियंट’ नाम की ट्रैवल एजेंसी के संचालक नागेश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने आकर्षक हॉलीडे पैकेज का झांसा देकर उनसे एडवांस में बड़ी रकम वसूल ली। आरोपी ने देश-विदेश घूमाने के नाम पर भरोसा दिलाया कि उसकी कंपनी पूरी यात्रा की व्यवस्था करेगी।
हालांकि, पैसे लेने के बाद न तो कोई टिकट बुक किया गया और न ही किसी प्रकार की यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई गई। कुछ समय बाद आरोपी ने अपना ऑफिस बंद कर दिया और फरार हो गया। पीड़ित जब एजेंसी पहुंचा तो वहां ताला लगा मिला, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित का यह भी दावा है कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान नागेश कुमार के रूप में हो चुकी है और उसकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ट्रैवल एजेंसी से पैकेज लेने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।



