बिलासपुर में जुआ फड़ पर छापा: 9 जुआरी गिरफ्तार, 4 लग्जरी कार और 84 हजार कैश जब्त

बिलासपुर के नेहरू नगर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनता कंस्ट्रक्शन के कार्यालय में चल रहे जुआ फड़ का खुलासा किया है। देर रात हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 9 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 84,400 रुपये नकद, 13 मोबाइल फोन और चार लग्जरी कार जब्त की गई हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 45.84 लाख रुपये आंकी गई है।

सिविल लाइन थाना पुलिस को स्मार्ट रोड पर स्थित इस कार्यालय के बाहर महंगी गाड़ियों जैसे बीएमडब्ल्यू, थार, ग्लेंजा और क्रेटा की मौजूदगी देखकर संदेह हुआ था। इसके बाद मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां जुआ खेलते हुए लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों की वीडियोग्राफी कराई, ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। साथ ही उनसे थाने में कान पकड़वाकर भविष्य में जुआ न खेलने की हिदायत भी दी गई।

यह पूरी कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम द्वारा शनिवार देर रात की गई। सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत साहू ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रप्रकाश पांडेय, सागर मंगेशकर, नितेश चंद्र शर्मा, दुर्गेश सारथी, अखिलेश त्रिवेदी, अमन धर, आशीष खूंटे, रोशन सोनी और सृजन शर्मा शामिल हैं।

Scroll to Top