बिलासपुर जिले के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 30 साल बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ है। लंबे समय से सड़क सुविधा नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार तक की चेतावनी दी थी। अब विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर विभिन्न गांवों में 14 करोड़ 56 लाख 34 हजार रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
इस क्षेत्र के कई गांव आज भी बुनियादी सड़क सुविधा से वंचित थे। यहां ज्यादातर जगहों पर कच्ची और डब्ल्यूबीएम सड़कें थीं, जो खासकर बारिश के मौसम में पूरी तरह खराब हो जाती थीं। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि चुनाव के दौरान जब वे इन गांवों में पहुंचे थे, तब लोगों की सबसे बड़ी मांग सड़क निर्माण ही थी। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए चुनाव बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी। उस समय उन्होंने आश्वासन दिया था कि जीतने के बाद इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इसके बाद उनकी पहल पर भरदैयाडीह से कलमीटार, गोदईया-कलमीटार, भदरापारा-बरभांठा और करमा-बरभांठा-सरगाधोड़ी मार्गों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। अब स्वीकृति मिलने के बाद इन सभी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
इन परियोजनाओं में भरदैयाडीह से कलमीटार मार्ग (3 किलोमीटर) के लिए 289 लाख रुपये, गोदईया-कलमीटार मार्ग (2.45 किलोमीटर) के लिए 278.48 लाख रुपये, भदरापारा-बरभांठा मार्ग (2.70 किलोमीटर) के लिए 360 लाख रुपये और करमा-बरभांठा-सरगाधोड़ी मार्ग (4.20 किलोमीटर) के लिए 478.86 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा ग्राम लगरा में सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। लंबे इंतजार के बाद विकास कार्य शुरू होने से गांवों में उत्साह का माहौल है।
बिटकुली गांव के सरपंच शिव कुमार यादव ने बताया कि ग्रामीण वर्षों से सड़क की समस्या से जूझ रहे थे और बरसात के समय स्थिति और भी खराब हो जाती थी। अब सड़क बनने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

