रायपुर गोलबाजार में दिनदहाड़े चोरी: महिला के गले से 3 तोला सोने की चेन पार, 4 लाख का नुकसान

राजधानी रायपुर के भीड़भाड़ वाले गोलबाजार इलाके में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। खरीदारी करने आई एक महिला के गले से अज्ञात चोर करीब 3 तोले की सोने की चेन लेकर फरार हो गया।

पीड़िता को जब अपने गले में चेन नहीं होने का एहसास हुआ, तो वह तुरंत वापस उसी दुकान पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद महिला ने गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार, हेमिन देवी वस्त्रकार 5 अप्रैल की शाम अपनी बेटी जागृति गुप्ता के साथ गोलबाजार आई थीं। पहले वे पीतल के बर्तन खरीदने गईं और इसके बाद राधा रानी श्रृंगार दुकान के पास एक पंसारी दुकान से लड्डू गोपाल की पोशाक खरीदने पहुंचीं।

खरीदारी के बाद जैसे ही वे अपनी बेटी के साथ वापस बर्तन दुकान की ओर बढ़ीं, उसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चेन पार कर दी। महिला के मुताबिक, चेन का वजन करीब 3 तोला था और उसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है।

घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Scroll to Top