बिलासपुर में हनुमान जन्मोत्सव के दूसरे दिन प्रसिद्ध भजन गायक पंडित सुधीर व्यास की भजन संध्या का आयोजन किया गया। उन्होंने “ये चमक ये दमक, फूलवन सा महक” भजन प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। कार्यक्रम में भक्तिमय माहौल बना रहा और लोग उनके मधुर भजनों पर थिरकते रहे।
सरकंडा के रामसेतु चौक स्थित श्री हनुमान सेवा समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव में पहले दिन विशेष पूजा-आराधना और महाआरती की गई थी। पूरे दिन भंडारा-प्रसाद का वितरण जारी रहा। शाम को निर्माणाधीन रिवर व्यू रोड पर भजन गायिका अलका चंद्राकर का जगराता हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।

दूसरे दिन पंडित सुधीर व्यास ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने “ये चमक ये दमक फूलवन मा महक”, “वो राम नाम मतवाला है मां अंजनी का लाला है” और “मेरी जिंदगी में क्या था तेरी कृपा के पहले” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में पंडित सुधीर व्यास ने हरे कृष्ण मूवमेंट के आध्यात्मिक और सामाजिक योगदान की भी सराहना की। उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ कराया और राम नाम का जाप कर भक्तों को भावनात्मक अनुभव से जोड़ दिया।

