सड़क पार करते हाथियों का VIDEO, यातायात रुका; 6 किसानों की फसल बर्बाद

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों की मौजूदगी एक बार फिर चर्चा में है। सोमवार शाम छाल रेंज में हाथियों का एक दल सड़क पार करता नजर आया, जिसके कारण कुछ समय के लिए दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी।

मिली जानकारी के अनुसार, बोजिया परिसर के औरानारा रोड पर अचानक हाथियों का झुंड सड़क किनारे आ गया। स्थिति को देखते हुए हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचा और एहतियात के तौर पर दोनों दिशाओं से ट्रैफिक रोक दिया गया, ताकि कोई हादसा न हो।

कुछ देर रुकने के बाद हाथियों ने एक-एक कर सड़क पार की। बताया जा रहा है कि इस दल में करीब 15 से 17 हाथी शामिल थे, जो सिंघीझाप के जंगल की ओर बढ़ रहे थे। हाथी मित्र दल ने आसपास के मार्गों पर सतर्कता बरतने की अपील की है।

इधर, हाथियों के इस दल ने क्षेत्र के किसानों को भी नुकसान पहुंचाया है। रविवार रात छाल रेंज के भलमुड़ी गांव में घुसकर हाथियों ने दो किसानों की फसल रौंद दी। वहीं हाटी गांव में भी चार किसानों की धान की खेती को नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने रात में हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन झुंड काफी देर तक गांव के आसपास बना रहा और सुबह होने से पहले वापस जंगल की ओर लौट गया।

वन विभाग के अनुसार, छाल रेंज में इस समय कुल 37 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें से सबसे ज्यादा हाथी औरानारा क्षेत्र के जंगलों में देखे जा रहे हैं, जबकि अन्य हाथी आसपास के कई गांवों और जंगल क्षेत्रों में घूम रहे हैं।

Scroll to Top