मध्य प्रदेश बना चैंपियन, महाराष्ट्र को 5-3 से हराकर जीता हॉकी लीग खिताब

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव स्थित अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित ‘अस्मिता वेस्ट जोन हॉकी बालिका लीग’ का रोमांचक समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश की टीम ने महाराष्ट्र को 5-3 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

मैच की शुरुआत में महाराष्ट्र की खिलाड़ी निकू ने 15वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके जवाब में मध्य प्रदेश की काजल ने 19वें मिनट में गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया।

इसके बाद मध्य प्रदेश ने आक्रामक खेल दिखाते हुए सान्या सैयद और काजल के गोल की मदद से 3-1 की बढ़त बना ली। हालांकि महाराष्ट्र की संजना ने शानदार वापसी करते हुए 36वें और 37वें मिनट में लगातार दो गोल कर मुकाबले को 3-3 की बराबरी पर ला दिया।

निर्णायक क्षणों में मध्य प्रदेश की काजल ने 50वें और 54वें मिनट में दो अहम गोल कर अपनी टीम को 5-3 से जीत दिलाई। काजल ने इस मैच में हैट्रिक लगाकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीएसपी वैशाली जैन मौजूद रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि बेटियों को मैदान में खेलते देख गर्व महसूस होता है और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।

इस अवसर पर हॉकी इंडिया से जुड़े अधिकारियों और खेल जगत की कई हस्तियों की मौजूदगी रही। आयोजन में शीर्ष चार टीमों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

विजेता मध्य प्रदेश को 1.80 लाख रुपये, ट्रॉफी और गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। उपविजेता महाराष्ट्र को 1.44 लाख रुपये और सिल्वर मेडल मिला, जबकि तीसरे स्थान पर रही छत्तीसगढ़ टीम को 90 हजार रुपये और ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।

Scroll to Top