मेडिकल स्टोर में चोरी का 6 घंटे में खुलासा, आदतन अपराधी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में बसंतपुर थाना पुलिस ने मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की घटना का महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में एक आदतन अपराधी और दो नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने चोरी की गई बाइक, मोबाइल और सीसीटीवी कैमरा भी बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सृष्टि कॉलोनी स्थित श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर में काम करने वाले डालेश कुमार ने 29 मार्च की रात चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि देर रात करीब 3 बजे उनकी नींद खुली तो कमरे का दरवाजा खुला मिला और मोबाइल गायब था।

आगे जांच करने पर पता चला कि मेडिकल स्टोर से सीसीटीवी कैमरा, गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद और बाहर खड़ी पल्सर बाइक भी चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए संदिग्धों की पहचान की और अजय उर्फ बोचकू यादव सहित दो नाबालिगों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।

मुख्य आरोपी अजय उर्फ बोचकू यादव (21) पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आगजनी, मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में करीब 8 केस दर्ज हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Scroll to Top