बिजली खंभे में धमाके और आग, रातभर गुल रही सप्लाई से लोग परेशान

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली व्यवस्था चरमराने लगी है। शहर के बाजीरावपारा–मौदहापारा इलाके में सोमवार देर रात लो टेंशन (LT) लाइन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। तारों से चिंगारियां निकलने लगीं और तेज आवाजों के साथ विस्फोट जैसे हालात बन गए, जिससे पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही।

घटना के दौरान बिजली खंभे में आग लगने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि तारों में आग लगी हुई है और लगातार स्पार्किंग हो रही है। कुछ देर में पूरे इलाके की बिजली चली गई, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को रातभर परेशानी झेलनी पड़ी।

स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब एक बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन रात में संपर्क नहीं हो सका।

बाद में सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू किया। हालांकि रात में सप्लाई पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी और सुबह तक बिजली बार-बार आती-जाती रही।

जानकारी के अनुसार, खराब और पुराने एलटी तारों को बदलने का काम शुरू कर दिया गया है। इस दौरान क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद रखी गई है। विभाग का कहना है कि मरम्मत कार्य शाम तक पूरा किया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इस इलाके में 11 केवी लाइन को बदला गया था, लेकिन एलटी तार पुराने ही थे, जिनमें अब खराबी सामने आई है। पिछले एक महीने से बिजली विभाग द्वारा मेंटेनेंस और सुधार कार्य चल रहा है, जिसमें मानसून से पहले ट्री कटिंग और तार बदलने का काम शामिल है।

बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पुराने और जर्जर तारों की वजह से यह घटना हुई है। फिलहाल नए तार लगाए जा रहे हैं, ताकि आगे ऐसी समस्या न हो।

Scroll to Top