रायगढ़ नगर निगम में लापरवाह ड्राइवर बर्खास्त, आयुक्त ने चेतावनी दी

रायगढ़ नगर निगम में कर्मचारियों की लापरवाही उजागर होने के बाद निगम आयुक्त ब्रजेश सिंह क्षत्रिय ने वाहन विभाग का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण में दो ड्राइवर बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों को तत्काल सेवा से मुक्त करने के निर्देश दिए और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वाहन विभाग की उपस्थिति पंजी, वाहनों की स्थिति और संचालन व्यवस्था का भी जायजा लिया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम क्षेत्र में सफाई, कचरा उठाव, मरम्मत और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट-रोस्टर के अनुसार तय की जाती है। बिना सूचना अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही मानी जाएगी।

ब्रजेश सिंह क्षत्रिय ने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अन्य लापरवाह कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी दी गई कि यदि बिना ठोस कारण अनुपस्थित पाए गए, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही, आयुक्त ने जनगणना कार्य का भी निरीक्षण किया। वर्तमान में सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी वार्डवार लगाई गई है। नगर निगम क्षेत्र में कुल 48 वार्डों के अलावा बाह्यवृद्धि के 3 वार्ड—कलमी, बेंद्राचुंआ और बड़े अतरमुड़ा—को शामिल करते हुए कुल 51 वार्डों में लगभग 2.5 लाख की आबादी निवासरत है।

कमिश्नर ने प्रत्येक वार्ड में 700-800 की आबादी के आधार पर ब्लॉक निर्धारण की प्रक्रिया का गूगल मैप के माध्यम से निरीक्षण किया। सभी वार्ड प्रभारियों को अपने-अपने वार्डों में सही और गंभीरता से ब्लॉक निर्धारण करने के निर्देश दिए गए।

Scroll to Top