भिलाई-3 की तांदुला नहर में पानी छोड़े जाने से रेलवे कॉलोनी में जलभराव

भिलाई-3 के डबरा पारा से चरोदा की ओर जाने वाली तांदुला शाखा नहर में पानी छोड़ने के बाद रेलवे कॉलोनी में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। नहर में लंब समय से सफाई न होने और मरम्मत कार्य अधूरा रहने के कारण पानी सड़कों से होते हुए घरों में घुस गया। इससे लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र के निवासी प्रभावित हुए।

सुबह जब लोग उठे तो देखा कि सड़कें पूरी तरह नाले जैसी स्थिति में थीं और कई घरों में पानी भर गया। कई रेल कर्मचारियों के घरों में घरेलू सामान भी भीग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर में करीब एक किलोमीटर तक जलकुंभी फैली हुई थी, और लंबे समय से नहर की सफाई नहीं हुई थी। बावजूद इसके जलसंसाधन विभाग ने बिना सफाई किए ही पानी छोड़ दिया, जिससे पानी का बहाव रुक गया और बाहर फैल गया।

सिरसा अंडरब्रिज के पास रिपेयरिंग का काम अधूरा होने के कारण पानी का मार्ग अवरुद्ध हो गया। नहर का पानी रेलवे कॉलोनी के पास सड़कों और घरों में भर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नहर की सफाई पहले से कर दी जाती और मरम्मत के बाद ही पानी छोड़ा जाता तो यह समस्या नहीं होती।

इसके अलावा, रेलवे कॉलोनी के पास भिलाई-3 स्टेशन के पास बने ओवरहेड टंकियों का ओवरफ्लो भी नहर में जाता है। इसी वजह से पुराने इंडियन ऑयल डिपो से गांधी नगर पुलिया तक नहर में लगातार पानी भरा रहता है और जलकुंभी फैल जाती है।

रहवासियों ने जलसंसाधन विभाग से मांग की है कि नहर की सफाई और मरम्मत कार्य जल्द पूरा किया जाए और पानी का सही मार्ग सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के जलभराव की समस्या न हो।

Scroll to Top