रायपुर जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग इलाकों से एक दफन लाश और एक महीने पुराना नरकंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों मामलों में शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दोनों घटनाओं को संदिग्ध माना जा रहा है।

केस 1: जमीन में गड़ी मिली युवक की लाश
अभनपुर थाना क्षेत्र के भरेंगाभाटा गांव में ग्रामीणों ने सुनसान इलाके में जमीन से बाहर निकले हाथ-पैर देखे। पास जाकर देखने पर दफन शव होने का शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने खुदाई कर शव बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान हाथ पर बने टैटू से नितेश बत्रा के रूप में हुई, जो रायपुर के शदाणी दरबार क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
हत्या कर दफनाने की आशंका
शव की स्थिति को देखकर पुलिस को संदेह है कि युवक की हत्या कर उसे जमीन में गाड़ दिया गया था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
माना सीएसपी लंबोदर पटेल के अनुसार, जांच जारी है और बिना रिपोर्ट के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

केस 2: उरला मेटल पार्क में मिला नरकंकाल
दूसरी घटना रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र उरला की है, जहां मेटल पार्क इलाके में एक नरकंकाल मिला। प्रारंभिक जांच और कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान दिलीप (लगभग 45–50 वर्ष) के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि दिलीप करीब एक महीने से लापता था और उसके परिजनों ने पहले ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
हत्या की आशंका, फोरेंसिक जांच जारी
शव पूरी तरह सड़-गल चुका है और केवल हड्डियां बची हैं। पुलिस इस मामले को भी संदिग्ध मानते हुए हत्या की संभावना से जांच कर रही है। उरला पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच जारी है।

