दुर्ग–रायपुर खारुन ब्रिज पर एक महीने तक मरम्मत, यातायात रहेगा प्रभावित

नेशनल हाईवे-53 पर रायपुर और दुर्ग को जोड़ने वाला कुम्हारी स्थित खारुन नदी का पुल 1 अप्रैल से मरम्मत के लिए बंद किया जा रहा है। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस काम के दौरान यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं रहेगा और वाहनों को सिंगल ब्रिज से बारी-बारी से निकाला जाएगा। रोजाना करीब डेढ़ लाख वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस और NHAI ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।

वन-वे सिस्टम से लग सकता है लंबा जाम

मरम्मत के दौरान पुल पर केवल एक लेन से दोनों दिशाओं के वाहन चलेंगे। इस कारण सुबह और शाम के व्यस्त समय में भारी जाम की स्थिति बन सकती है। चंदनीडीह से कुम्हारी टोल प्लाजा के बीच ओवरटेकिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जरूरी काम हो तो समय से पहले निकलें

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि यदि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, अस्पताल या परीक्षा केंद्र जाना हो तो सामान्य समय से कम से कम एक घंटा पहले घर से निकलें। पीक ऑवर में पुल पार करने में अधिक समय लग सकता है।

जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग

यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने कई डायवर्जन रूट सुझाए हैं:

नया रायपुर/एयरपोर्ट जाने वाले: भिलाई-दुर्ग से आने वाले यात्री सेलूद–पाटन–अभनपुर मार्ग का उपयोग करें।

भिलाई-दुर्ग से रायपुर आने वाले: सेलूद–फूंडा–जामगांव–अमलेश्वर मार्ग बेहतर विकल्प रहेगा।

चरोदा और भिलाई-3 क्षेत्र के निवासी: सिरसा गेट–मोतीपुर–अमलेश्वर मार्ग से रायपुर पहुंच सकते हैं।

कार और बाइक चालक: रायपुर से दुर्ग जाते समय चंदनीडीह से बाएं मुड़कर पुराने रपटे पुल या भाठागांव–अमलेश्वर मार्ग अपनाएं।

पुलिस ने जारी की एडवायजरी

ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण के बाद यह योजना बनाई है। लोगों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक जाम से बचने के लिए सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Scroll to Top