बिलासपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अशोक नगर स्थित सीमा ब्रेवरेज पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान गलत लेबलिंग पाए जाने पर पानी की 77 पेटियां जब्त की गईं और फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
बोतलों पर एक्सपायरी डेट नहीं
अधिकारियों के अनुसार, पैकेज्ड पानी की बोतलों पर न तो एक्सपायरी डेट सही तरीके से दर्ज थी और न ही लेबलिंग मानकों के अनुरूप थी। इस गंभीर अनियमितता के चलते विभाग ने कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा है।
आइसक्रीम का सैंपल भी जांच के लिए भेजा
कार्रवाई के दौरान परिसर में रखी मेलोडी ब्रांड की आइसक्रीम का नमूना भी लिया गया, जिसे प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नवरात्रि और गर्मी को देखते हुए अभियान तेज
विभाग ने बताया कि नवरात्रि और बढ़ती गर्मी के मौसम में लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मिलावटी या नियमों के विरुद्ध उत्पाद बाजार में न बिकें।
पहले भी हुई थी बड़ी जब्ती
इससे एक दिन पहले सीपत स्थित गंगोत्री मिनरल वाटर प्लांट पर भी कार्रवाई करते हुए हजारों बोतल और पाउच पैकेज्ड पानी जब्त किए गए थे।
अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई अभिहित अधिकारी आर. आर. देवांगन के निर्देशन में की गई, जिसमें वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम शामिल रही।

