भिलाई में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, महिला की मौके पर मौत

दुर्ग जिले के भिलाई में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और 8 वर्षीय बेटा घायल हो गए। घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे की है।

रेलवे परीक्षा देकर लौट रहा था परिवार

मृतका एन. भारती (30) खुर्सीपार, भिलाई की रहने वाली थी। वह अपने पति और बच्चे के साथ रायपुर रेलवे की परीक्षा देने गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी हाईवे पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

गिरते ही महिला को कुचलता हुआ निकला ट्रक

टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पति और बच्चे को चोटें आईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे का CCTV वीडियो सामने आया

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हुए बाइक को टक्कर मारते दिख रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।

शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

ट्रक चालक गिरफ्तार, जांच जारी

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Scroll to Top