रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल के पीछे बने सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहरीली गैस के संपर्क में आने से टैंक में उतरे तीन सफाईकर्मियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8 बजे अस्पताल परिसर में सीवरेज टैंक की सफाई का काम चल रहा था। सफाई के लिए बुलाए गए मजदूरों में से जैसे ही पहला कर्मचारी टैंक के अंदर उतरा, वह गैस की वजह से बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए उसके अन्य साथी भी एक-एक कर नीचे उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए।
हादसे में अनमोल मांझी, गोविंद सेंद्रे और सत्यम कुमार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद अस्पताल के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मृतकों के परिजनों ने सुरक्षा इंतजाम न होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई और कुछ लोगों ने पथराव भी किया। हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
परिजनों का कहना है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के गटर में उतारा गया, जबकि अंदर जहरीली गैस होने का खतरा था। हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने परिसर में लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।
अस्पताल प्रबंधन ने आधिकारिक बयान में कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) में रखरखाव का काम कर रहे श्रमिक बाहरी ठेका एजेंसी के माध्यम से तैनात थे और कार्य के दौरान आपात स्थिति में फंस गए। प्रबंधन ने दो मौतों की पुष्टि की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों के साथ-साथ लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जा रही है।



