दुर्ग में पुलिस पर मारपीट का आरोप: बीजेपी नेता के भाई को बंदूक के बट से मारा, CCTV सामने

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिसकर्मियों पर एक युवक से मारपीट करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि यह युवक भाजपा किसान मोर्चा राजनांदगांव के जिला उपाध्यक्ष आनंद साहू का छोटा भाई नागेश साहू है। घटना पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है, जिसका CCTV वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, 12 मार्च की रात नागेश साहू अपने कुछ साथियों के साथ स्टेशन के पास खड़े थे। इसी दौरान छावनी थाने में पदस्थ दो कॉन्स्टेबल वहां पहुंचे और आसपास खड़े लोगों को हटाने लगे। अधिकतर लोग पुलिस को देखकर वहां से चले गए, लेकिन नागेश और उनके साथी वहीं खड़े रहे।

आरोप है कि इस पर एक कॉन्स्टेबल ने बंदूक को उल्टा कर उसके बट से नागेश पर वार किया और उनका कॉलर पकड़कर पीछे धकेल दिया। इसके बाद उन्हें वहां से भगा दिया गया। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी कुछ अन्य लोगों से सामान्य तरीके से बात करते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि नागेश साहू अपने एक पूर्व कर्मचारी से बकाया पैसे लेने के सिलसिले में भिलाई आए थे। उनका राजनांदगांव में ढाबा है, जिसे वे संचालित करते हैं।

आनंद साहू ने पुलिस पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाई ने कोई गलत काम नहीं किया था, इसलिए वहां से हटने की कोई वजह नहीं थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पुलिसकर्मी संभवतः नशे में थे। इस मामले में वे पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, घटना में शामिल दोनों कॉन्स्टेबल की उस रात ड्यूटी पावर हाउस के सराफा बाजार में लगाई गई थी, लेकिन वे रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पहुंच गए थे। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान या शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

Scroll to Top