रायपुर में एयरफोर्स के विंग कमांडर ने की आत्महत्या, विधायक कॉलोनी के घर में फांसी पर मिला शव

राजधानी रायपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी में भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान हरियाणा निवासी विपुल यादव (39) के रूप में हुई है, जो रायपुर में पदस्थ थे।

पुलिस के अनुसार, घटना विधायक कॉलोनी के बंगला नंबर-79 की है। बुधवार सुबह घर की मेड जब काम के लिए पहुंची तो उसने बेडरूम में विपुल यादव को पंखे से लटका हुआ पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि उस समय घर के दूसरे कमरे में उनके दोनों बच्चे सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी काम के सिलसिले में दिल्ली गई हुई थीं। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

जानकारी के मुताबिक, विपुल यादव छत्तीसगढ़ में एंटी नक्सल ऑपरेशन से जुड़े दायित्व भी निभा रहे थे। उनकी शादी साल 2014 में लव मैरिज के रूप में हुई थी। उनकी पत्नी पहले एयरफोर्स में कार्यरत थीं और फिलहाल आईटी सेक्टर में काम कर रही हैं।

प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आत्महत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Scroll to Top