मूकबधिर दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से रायपुर में 9 मार्च को विशेष प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया जा रहा है। यह कैम्प विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर और डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से लगाया जाएगा। आयोजन सुबह 10 बजे से सुंदर नगर स्थित ग्रो रायपुर केंद्र में किया जाएगा, जो कुशालपुर फ्लायओवर के पास पीडब्ल्यूडी मकान नंबर 843 में स्थित है।
विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर की उपसंचालक डॉ. शशी अतुलकर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्लेसमेंट कैम्प में कई निजी कंपनियां भाग लेंगी और उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया में फ्लिपकार्ट, बिग बास्केट और टपरी द कैफे जैसी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होकर योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगे। चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और क्षमता के अनुसार विभिन्न पदों पर काम करने का मौका दिया जाएगा।
इस कैम्प में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ के 18 से 35 वर्ष तक के मूकबधिर दिव्यांगजन पात्र होंगे। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। इसके अलावा 12वीं पास और स्नातक अभ्यर्थी भी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
कैम्प में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने साथ आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा। इनमें 10वीं, 12वीं या स्नातक की अंकसूची, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की मूल प्रति और फोटोकॉपी के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं।
डॉ. शशी अतुलकर ने पात्र मूकबधिर दिव्यांगजनों से इस प्लेसमेंट कैम्प में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिलता है।



